कविता जब जिंदगी के करीब होती है, तो उसे पढ़ते हुए कई बार लगता है कि जैसे यह हमारे ही मन की बात है. हमारे आसपास की दुनिया, छोटी-छोटी खुशियां, भीतर का दुख, प्रकृति की सुंदरता और जीवन के संघर्ष. जब ये सब शब्दों में ढलते हैं, तो कविता सिर्फ कवि की नहीं रह जाती, पाठक की भी हो जाती है. वरिष्ठ पत्रकार और कवि निकष परमार की कविताओं की सबसे बड़ी खूबी यही है. उनकी कविताएं पढ़ते हुए पाठक को कई जगह अपनी जिंदगी, अपने अनुभव और अपनी संवेदनाएं दिखाई देती हैं.
निकष की कविताओं में न तो भावों का दिखावा है और न ही शब्दों का अनावश्यक बोझ. वे सहज भाषा में ऐसी बातें कह जाते हैं, जो लंबे समय तक मन में बनी रहती हैं. प्रकृति, मनुष्य की संवेदना और जीवन के यथार्थ को करीब से देखने वाली उनकी कविताएं सीधे पाठक से संवाद करती हैं.
साहित्य के संस्कार और संघर्षों से बना कवि
रायपुर निवासी निकष परमार का जन्म 25 जून 1967 को बागबहरा में हुआ. बागबहरा उनका ननिहाल है. उनके जीवन के शुरुआती 24 साल धमतरी में बीते. उनके पिता नारायण लाल परमार कॉलेज में हिंदी के प्राध्यापक थे और मां इंदिरा परमार विद्यालय में पढ़ाती थीं. दोनों साहित्य से जुड़े थे. घर में साहित्यिक माहौल था. किताबों और विचारों के बीच निकष का बचपन बीता. इस तरह उन्हें साहित्य का संस्कार परिवार से मिला.
हालांकि, उनकी जिंदगी में सिर्फ साहित्यिक विरासत ही नहीं थी. अभाव और संघर्ष भी थे. इन अनुभवों ने उन्हें जीवन को करीब से देखने और समझने का मौका दिया. यही अनुभव आगे चलकर उनकी कविताओं का हिस्सा बने. शायद यही वजह है कि उनकी रचनाओं में जीवन की बनावटी तस्वीर नहीं, बल्कि उसका वास्तविक रूप दिखाई देता है.
इंजीनियरिंग छोड़कर अखबारों की दुनिया में आए
निकष ने पॉलिटेक्निक में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की थी, लेकिन यह पढ़ाई पूरी नहीं की. वर्ष 1990 में उन्होंने अखबार की दुनिया में कदम रखा. इसके बाद पत्रकारिता ही उनका पेशा बन गई. इस दौरान उन्होंने अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं और कुछ समय तक एक हिंदी दैनिक के संपादक के रूप में भी काम किया.
फिलहाल वे छत्तीसगढ़ के एक प्रतिष्ठित अखबार में वरिष्ठ उप संपादक के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता की व्यस्त दिनचर्या के बीच साहित्य के लिए समय निकालना आसान नहीं होता, लेकिन निकष ने कविता से अपना रिश्ता बनाए रखा. खबरों और घटनाओं के बीच लगातार काम करते हुए भी उनकी संवेदनशील नजर प्रकृति, समाज और आम आदमी के जीवन को देखती रही.
कविता और तस्वीरों में दर्ज करते हैं जीवन
निकष परमार का चर्चित कविता संग्रह ‘पृथ्वी पर जन्म लेने के बाद’ प्रकाशित हो चुका है. इस संग्रह को पाठकों के बीच अच्छी पहचान मिली है. उनका दूसरा कविता संग्रह भी जल्द प्रकाशित होने की प्रतीक्षा में है.
कविता के अलावा फोटोग्राफी में भी उनकी गहरी रुचि है. वे अच्छे फोटोग्राफर हैं और अपने कैमरे से भी उन दृश्यों को दर्ज करते हैं, जिन्हें अक्सर लोग देखते हुए भी अनदेखा कर देते हैं. उनकी कविताओं और तस्वीरों में एक समानता दिखाई देती है. दोनों में अपने आसपास की दुनिया को संवेदना के साथ देखने की कोशिश है.
निकष की कविताएं और उनके कैमरे से खींची गई तस्वीरें उनके फेसबुक पेज पर भी देखी जा सकती हैं.
दरअसल, कुछ लोग अपने आसपास की दुनिया को सिर्फ देखते हैं, कुछ उसे महसूस करते हैं और कुछ उसे शब्दों या तस्वीरों में सहेज लेते हैं. निकष परमार की खासियत यही है कि वे जीवन को महसूस भी करते हैं और उसे कविता तथा तस्वीरों के जरिए दर्ज भी करते हैं. उनकी कविताएं किसी बड़ी बात का दावा नहीं करतीं, बल्कि जिंदगी की छोटी-छोटी सच्चाइयों के जरिए पाठक से जुड़ती हैं. शायद इसीलिए उन्हें पढ़ते हुए बार-बार लगता है कि ये कविताएं किसी और की नहीं, हमारी अपनी जिंदगी की कही हुई बातें हैं.
निकष परमार की कुछ कविताएं…
1. मैं भी आया था शहर
जंगल से भटक कर
बस्ती में आ पहुंचा चीतल
उसे कुत्तों ने नोचकर मार डाला
बरसों पहले
छोड़कर अपना घर
मैं भी आया था शहर
2. मैना
मैना को बचाने के लिए
उन्होंने उसे अपने पिंजरे में कैद कर लिया
उनके पास यही एक तरीका था
मैना को बचाने का
पिंजरे में रहते रहते मर गई मैना
मैना तो उसी दिन मर गई थी़
जिस दिन पिंजरे में कैद हुई थी
3. दुनिया के सबसे घने जंगल
मैं बेहद घने जंगलों में रहता हूं
शायद दुनिया के सबसे घने जंगलों में
और यह दिन पर दिन
और घना होता जा रहा है
रोज कोई न कोई कहीं कोई पेड़ लगा देता है
किसी की याद में या उसके बगैर भी
किसी किसी दिन तो लोग
एक ही दिन में लाखों पेड़ लगा डालते हैं
पहले से यहां करोड़ों
या फिर अरबों पेड़ लगाए जा चुके हैं
उसके बाद भी वे
नये पेड़ लगाने के लिए जमीन ढूंढ निकालते हैं
सब मिलकर पेड़ लगाते हैं
कोई पीछे नहीं रहना चाहता
इस जंगल की हरियाली बढ़ाने के काम में
फल के, फूल के, छाया वाले, औषधि वाले
सब तरह के पेड़ हैं यहां
जिनकी तादाद दिन पर दिन
बढ़ती जा रही है
जंगल और घना होता जा रहा है
होते होते
यह जंगल इतना घना हो गया है
कि इसमें रहते हुए अब
दम घुटने लगा है
4. आदमी जब सूरज हो जाता है
आदमी जब सूरज हो जाता है
तब बहुत से लोगों की सुबह
उससे होने लगती है
और वे उसे फिर से
आदमी नहीं बनने देते
आदमी जब सूरज हो जाता है
तो वह जहां होता है
वहां उजाला हो जाता है
आदमी जब सूरज हो जाता है
तो वह कभी नहीं मान पाता
कि दुनिया के अंधेरे हिस्से में
क्या हो रहा है
5. आग और धुआं
ये तो तय था
कि आग किसी गरीब के घर
नहीं लगी थी
वरना धुआं
सारे शहर को
दिखाई नहीं देता
6. दोस्तों के पते
जिंदा रहने की लड़ाई ने
जिंदा रहने की वजह के बारे में
सोचने का समय नहीं दिया
भीड़ के साथ दौड़ते दौड़ते
मैं घर से बहुत दूर चला आया
कुछ बरस पुरखों का पुण्य बेचकर पेट भरता रहा
फिर रोजी रोटी के लिए मुझे गिरवी रखना पड़ा
अपना वक्त
जिसे फिर छुड़ा नहीं सका
घर वालों को जब जब जरूरत पड़ी
मेरे पास उनके लिए कुछ भी नहीं था
सिवा बहानों के
धीरे धीरे बहाने खत्म हो गए
खत्म हो गए घर वालों के सवाल
दोस्तों को चिट्ठियों में लिखने लायक बातें खत्म हो गईं
और एक एक कर उनके
पते खो गए
7. वह सब कुछ
मैं तुम्हें देना चाहता था वह सब कुछ
जो पिताजी ने मां को दिया
और वह सब भी
जो वे उसे
देना चाहते थे
8. बस्तर से लौटकर
हम एक दिन के लिए बस्तर जाते हैं
और दुनिया को बस्तर के बारे में बताते हैं
बस्तर से लौटकर
हम बस्तर की धरती पर ऐसे कदम रखते हैं
जैसे चांद पर इंसान ने पहला कदम रक्खा हो
हम बस्तर के आदिवासियों से बात करते हैं
और उन्हें हिम्मत देने की कोशिश करते हैं
कि हम आ गए हैं
अब सब ठीक हो जाएगा
ये हम भी जानते हैं
और बस्तर के आदिवासी भी जानते हैं
कि ये लोग अपने काम से आए हैं
और जिस गाड़ी से आए हैं
शाम तक
उसी से वापस लौट जाने वाले हैं
9. रास्ते
हमें जहां जाना था
वहां का रास्ता बहुत खराब था
लेकिन हमें वहीं जाना था
इसलिए उसी रास्ते से जा रहे थे
हम सब रास्ते भर
खराब रास्तों की ही
चर्चा करते रहे
शहर में नई सड़कें बन रही थीं
जो वहां नहीं जाती थीं
जहां हमें जाना था
शहर के सारे अच्छे रास्तों पर चलकर भी
वहां नहीं जाया जा सकता था
जहां हमें जाना था
10. पृथ्वी पर जन्म लेने के बाद
दुनिया में हैं और भी लड़कियां
पर मैं तुम जैसी किसी लड़की को
नहीं जानता
आकाशगंगा में हैं और भी नक्षत्र
मगर उनमें से
हम नहीं चुनते अपना सूर्य
और ग्रहों पर भी होगा जीवन
उसे कौन ढूंढता है
पृथ्वी पर जन्म लेने के बाद
————————————————————————————————–
यदि आपको हमारी कहानियां पसंद हैं और आप अपना कोई अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहते हैं तो हमें chhattisgarhgatha.com पर लिखें। आप हमें facebook, instagram व twitter पर भी फॉलो कर सकते हैं। किसी भी सकारात्मक व प्रेरणादायी खबर की जानकारी हमारे वाट्सएप नंबर 8827824668 या ईमेल chhattisgarhgatha07@gmail.com पर भी भेज सकते हैं।

