मिनीमाता

छुआछूत के खिलाफ संसद में आवाज उठाने वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद

छत्तीसगढ़ की राजनीति और सामाजिक इतिहास में कुछ नाम ऐसे हैं, जिनका योगदान केवल किसी पद या राजनीतिक उपलब्धि तक सीमित नहीं है. मिनीमाता ऐसा ही एक नाम हैं. उन्होंने उस दौर में समाज में फैली छुआछूत, जातिगत भेदभाव और महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, जब इन मुद्दों पर खुलकर बोलना भी आसान नहीं था. संसद तक पहुंचने के बाद भी उन्होंने अपना संघर्ष नहीं छोड़ा. उन्होंने अस्पृश्यता को देश के विकास में बड़ी बाधा माना और इसे खत्म करने के लिए संसद में ऐतिहासिक अस्पृश्यता निवारण विधेयक पेश किया, जो आगे चलकर कानून बना.

मिनीमाता छत्तीसगढ़ अंचल की पहली महिला सांसद थीं. उन्होंने अपना पूरा जीवन महिलाओं, दलितों, मजदूरों और समाज के वंचित तबकों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया. उनका मानना था कि समाज में बराबरी और सम्मान के बिना देश का विकास अधूरा है. यही वजह है कि राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुधार को भी अपने काम का अहम हिस्सा बनाया.

असम से छत्तीसगढ़ तक का सफर

मिनीमाता का जन्म 13 मार्च 1913 को असम के नुवागांव जिले के जमुनासुख गांव में हुआ था. उनका असली नाम मीनाक्षी था. पिता महंत बुधारीदास और माता देवमती थीं. उनके नाना छत्तीसगढ़ के पंडरिया जमींदारी क्षेत्र के सगोना गांव के निवासी थे.

बीसवीं सदी की शुरुआत में छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भीषण अकाल पड़ा था. वर्ष 1901 से 1910 के बीच पड़े अकाल ने लोगों की आजीविका छीन ली थी. ऐसे में मीनाक्षी के नाना रोजगार की तलाश में अपने परिवार के साथ असम चले गए. वहां उन्होंने चाय बागानों में काम करना शुरू किया. इसी दौरान मीनाक्षी का जन्म हुआ और उनका बचपन असम में बीता.

उन्होंने सातवीं कक्षा तक पढ़ाई की. उस समय भारत अंग्रेजों के अधीन था. हालांकि मीनाक्षी कम उम्र में ही गुलामी और आजादी के महत्व को समझने लगी थीं. बचपन में वे अपने साथियों के साथ विदेशी कपड़ों की होली जलाती थीं और स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल का प्रचार करती थीं. यह उनके भीतर विकसित हो रही राजनीतिक और सामाजिक चेतना की शुरुआती झलक थी.

उनके जीवन में बड़ा बदलाव तब आया, जब सतनामी समाज के प्रमुख गुरु अगमदास धर्म प्रचार के सिलसिले में असम पहुंचे. गुरु अगमदास ने मीनाक्षी को अपनी जीवनसंगिनी के रूप में चुना. वर्ष 1932 में दोनों का विवाह हुआ. विवाह के बाद मीनाक्षी को मिनीमाता के नाम से पहचान मिली.

इसके बाद वे रायपुर आ गईं. यहां उन्होंने अपनी मैट्रिक की पढ़ाई पूरी की. उन्हें हिंदी, असमिया, अंग्रेजी, बांग्ला और छत्तीसगढ़ी भाषाओं का अच्छा ज्ञान था.

मिनीमाता
मिनीमाता

स्वतंत्रता आंदोलन से संसद तक

गुरु अगमदास केवल धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों तक सीमित नहीं थे. वे स्वतंत्रता आंदोलन में भी सक्रिय थे. उनकी प्रेरणा से सतनामी समाज के कई युवा राष्ट्रीय आंदोलन से जुड़े. रायपुर स्थित उनका घर स्वतंत्रता सेनानियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन गया था.

पंडित सुंदरलाल शर्मा, डॉ. राधाबाई, ठाकुर प्यारेलाल सिंह, पंडित रविशंकर शुक्ल और डॉ. खूबचंद बघेल जैसे नेता अक्सर उनके घर आया करते थे. इस माहौल ने मिनीमाता को सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर दिया.

देश की आजादी के बाद गुरु अगमदास सांसद चुने गए. लेकिन वर्ष 1951 में उनका अचानक निधन हो गया. इसके बाद हुए उपचुनाव में पंडित रविशंकर शुक्ल ने मिनीमाता को चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया. मिनीमाता चुनाव मैदान में उतरीं और रायपुर से सांसद चुनी गईं. उस समय उनका बेटा विजय कुमार बहुत छोटा था. इसके बावजूद उन्होंने परिवार और सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाया.

इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. वर्ष 1952 में रायपुर, 1957 में बलौदाबाजार और 1967 में जांजगीर-चांपा क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीतकर वे लगातार तीन बार संसद पहुंचीं.

सांसद के रूप में मिनीमाता ने उन मुद्दों को उठाया, जिनसे समाज का बड़ा तबका प्रभावित था. महिलाओं की स्थिति सुधारना, जातिगत भेदभाव खत्म करना और वंचित समुदायों को बराबरी का अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल था.

संसद में उन्होंने अस्पृश्यता के खिलाफ आवाज उठाई और अस्पृश्यता निवारण विधेयक प्रस्तुत किया. उनका मानना था कि छुआछूत जैसी सामाजिक बुराई को खत्म किए बिना एक समान और विकसित समाज की कल्पना नहीं की जा सकती. इस विधेयक का पारित होना उनके सार्वजनिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में गिना जाता है.

महिलाओं के अधिकारों के लिए भी उन्होंने लगातार संघर्ष किया. वे दहेज प्रथा, बाल विवाह, बेमेल विवाह और महिला उत्पीड़न की विरोधी थीं. विधवाओं के पुनर्विवाह को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर भी पहल की. उनके प्रयासों से कई विधवा महिलाओं का पुनर्विवाह हुआ.

मिनीमाता
मिनीमाता

शिक्षा, श्रमिकों और वंचितों के लिए जीवनभर संघर्ष

मिनीमाता का मानना था कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत शिक्षा से होती है. वे अपनी सभाओं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में लोगों से बेटियों को पढ़ाने की अपील करती थीं. उनका जोर इस बात पर था कि लड़कियों को भी शिक्षा और आगे बढ़ने के बराबर अवसर मिलने चाहिए.

उन्होंने कई गरीब और जरूरतमंद बच्चों को अपने घर में जगह दी. उनकी पढ़ाई-लिखाई का इंतजाम किया और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद की. उन्होंने रायपुर में सतनामी आश्रम की स्थापना भी की. इसके माध्यम से समाज के लोगों को संगठित करने और शिक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया.

मिनीमाता का जुड़ाव केवल सामाजिक सुधार तक सीमित नहीं था. वे मजदूरों के अधिकारों के लिए भी सक्रिय रहीं. उन्होंने छत्तीसगढ़ मजदूर संघ का गठन किया. भिलाई इस्पात संयंत्र में स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रयास किए.

गरीबी को उन्होंने करीब से देखा था. शायद यही वजह थी कि वे हमेशा श्रमिकों और कमजोर तबकों के पक्ष में खड़ी नजर आईं. अस्पृश्यता उन्मूलन और स्वच्छता अभियान में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही. उन्होंने अखिल भारतीय हरिजन सेवक संघ और सतनामी महासमिति की स्थापना में भूमिका निभाई. वे भारतीय दलित संघ की महिला शाखा की उपाध्यक्ष भी रहीं.

उनकी सामाजिक सक्रियता और काम करने के तरीके से देश के कई बड़े नेता प्रभावित थे. पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. भीमराव आंबेडकर, बाबू जगजीवन राम, इंदिरा गांधी और पंडित रविशंकर शुक्ल जैसे नेताओं से उन्हें प्रोत्साहन मिलता रहा.

मिनीमाता के लिए समाज सेवा का अर्थ किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं था. उनके मन में सभी धर्मों और समुदायों के प्रति समान सम्मान था. वे लोगों को एक-दूसरे का आदर करने और आपसी भेदभाव से दूर रहने की सीख देती थीं. नफरत, हिंसा और सामाजिक दमन का उन्होंने हमेशा विरोध किया.

उनका घर भी इसी सोच का उदाहरण था. जब वे सांसद के रूप में दिल्ली में रहती थीं, तब उनके आवास पर छत्तीसगढ़ से आने वाले लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता था. वहां किसी जाति या वर्ग के आधार पर भेदभाव नहीं होता था. दिल्ली पहुंचने वाले लोगों के लिए उनका घर किसी धर्मशाला से कम नहीं था. वे लोगों को ठहरने की जगह देने के साथ उनकी समस्याएं सुनतीं और उन्हें दूर करने का प्रयास करती थीं. प्रसिद्ध साहित्यकार श्रीकांत वर्मा के भी लंबे समय तक उनके दिल्ली स्थित आवास पर रहने का उल्लेख मिलता है.

मिनीमाता की औपचारिक शिक्षा बहुत अधिक नहीं थी, लेकिन वे शिक्षा के महत्व को अच्छी तरह समझती थीं. उन्होंने अपना जीवन अशिक्षित और पिछड़े वर्गों को जागरूक करने में लगा दिया. छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली कलाकारों को भी उन्होंने संरक्षण और सहयोग दिया.

सादा जीवन और उच्च विचार उनके व्यक्तित्व की पहचान थे. संत गुरु घासीदास के संदेशों को उन्होंने अपने जीवन में उतारा और लोगों की सेवा को अपना कर्तव्य माना. उनका व्यवहार सरल और स्वभाव मिलनसार था. इसी वजह से लोग उन्हें सम्मान से ‘माताजी’ कहकर पुकारते थे.

11 अगस्त 1972 को मिनीमाता का निधन एक विमान दुर्घटना में हो गया. वे भोपाल से दिल्ली जा रही थीं. पालम हवाई अड्डे के पास हुए इस हादसे ने छत्तीसगढ़ के सामाजिक और राजनीतिक जीवन को गहरा आघात पहुंचाया.

उनके निधन के बाद भी उनके काम और विचारों की प्रासंगिकता बनी हुई है. छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद प्रदेश सरकार ने महिला उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के लिए उनकी स्मृति में राज्य स्तरीय मिनीमाता सम्मान शुरू किया.

मिनीमाता का जीवन इस बात की मिसाल है कि बदलाव लाने के लिए केवल सत्ता या पद हासिल करना काफी नहीं होता, बल्कि समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति के साथ खड़े होने का साहस भी जरूरी है. उन्होंने संसद में कानून बनाने की पहल की, लेकिन उनका असली संघर्ष संसद की सीमाओं से कहीं आगे था. वह संघर्ष था एक ऐसे समाज के निर्माण का, जहां किसी व्यक्ति की पहचान उसकी जाति, धर्म या आर्थिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके मानवीय सम्मान से हो. यही वजह है कि मिनीमाता आज भी छत्तीसगढ़ के सामाजिक इतिहास में एक प्रेरणादायी नाम हैं.

————————————————————————————————–

यदि आपको हमारी कहानियां पसंद हैं और आप अपना कोई अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहते हैं तो हमें chhattisgarhgatha.com पर लिखें। आप हमें facebook, instagram व twitter पर भी फॉलो कर सकते हैं। किसी भी सकारात्मक व प्रेरणादायी खबर की जानकारी हमारे वाट्सएप नंबर 8827824668 या ईमेल chhattisgarhgatha07@gmail.com पर भी भेज सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *