छत्तीसगढ़ गाथा.
छत्तीसगढ़ में शिवनाथ नदी की दो जलधाराओं के बीच एक ऐसा भूखंड है, जिसकी पहचान सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता या धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है. नदी के पानी से घिरे इस छोटे से द्वीप की जमीन में सदियों पुराना इतिहास छिपा है. यहां कभी मंदिरों की एक पूरी श्रृंखला थी. पूजा-अर्चना होती थी. धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन भी विकसित हुआ था. फिर एक दिन शिवनाथ नदी की तेज धारा ने इन मंदिरों को अपनी चपेट में ले लिया. मंदिर ढह गए और उनका स्थापत्य जमीन के नीचे दब गया.
यह जगह है मुंगेली जिले का मदकू द्वीप.
साल 2011 में यहां पुरातत्व विभाग ने उत्खनन शुरू किया तो जमीन के भीतर से एक के बाद एक प्राचीन मंदिरों के अवशेष सामने आने लगे. इस खुदाई में बलुआ पत्थर से बने 19 मंदिरों के भग्नावशेष मिले. इनके साथ देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, मंदिरों के स्थापत्य खंड, मिट्टी के बर्तन, धातु के औजार, आभूषण और रोजमर्रा के जीवन में इस्तेमाल होने वाली कई दूसरी वस्तुएं भी मिलीं.
इन खोजों ने मदकू द्वीप को छत्तीसगढ़ के मध्यकालीन इतिहास और खासकर कलचुरी काल की कला, स्थापत्य और संस्कृति को समझने के लिए एक महत्वपूर्ण पुरास्थल बना दिया.
हालांकि इस द्वीप की कहानी सिर्फ कलचुरी राजवंश तक सीमित नहीं है. यहां से मिले पाषाण उपकरण बताते हैं कि प्रागैतिहासिक काल में भी इस क्षेत्र में मानव की आवाजाही थी. तीसरी सदी ईस्वी के शिलालेखों से लेकर 10वीं से 15वीं सदी के मंदिरों तक के प्रमाण इस स्थान के लंबे इतिहास की ओर इशारा करते हैं. स्थानीय मान्यता इसे माण्डूक्य ऋषि की तपोस्थली भी मानती है.
इस तरह मदकू द्वीप की जमीन पर प्रकृति, धर्म, पुरातत्व और इतिहास की कई परतें एक साथ मौजूद हैं.
माण्डूक्य ऋषि की तपोस्थली से जुड़ी है पहचान
मदकू द्वीप को मडकू या मनकू द्वीप के नाम से भी जाना जाता है. इसके नामकरण को लेकर दो प्रमुख मान्यताएं हैं. पहली मान्यता के अनुसार मदकू शब्द माण्डूक्य अथवा मण्डूक का अपभ्रंश है. डॉ. विष्णुसिंह ठाकुर के अनुसार यह स्थान कभी माण्डूक्य ऋषि की तपोस्थली था. माना जाता है कि उन्होंने यहीं रहकर अपनी कृति ‘मुण्डकोपनिषद’ की रचना की थी.
दूसरी मान्यता इसके भौगोलिक स्वरूप से जुड़ी है. संस्कृत में मण्डूक का अर्थ मेंढक होता है. शिवनाथ नदी की दो धाराओं से घिरे इस द्वीप का आकार पानी में तैरते मेंढक जैसा दिखाई देता है. इसी वजह से इसके नाम को मण्डूक शब्द से जोड़कर भी देखा जाता है. हालांकि नामकरण का पहला आधार अधिक उपयुक्त माना गया है.
मदकू द्वीप के इतिहास और पुरातत्व को पहली बार सामने लाने का श्रेय डॉ. विष्णुसिंह ठाकुर, पंडित कृपाराम गौराहा और छत्तीसगढ़ प्रांत इतिहास संकलन समिति को दिया जाता है.
इस स्थान के धार्मिक और पौराणिक महत्व को सामने लाने में ‘धूमनाथ माहात्म्य’ नाम की एक छोटी पुस्तिका की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. इसके साथ एक वृत्तचित्र के माध्यम से भी मदकू द्वीप की परंपरागत ऐतिहासिक मान्यताओं को सामने लाया गया.
इस पुस्तिका की मूल रचना संस्कृत में भाटापारा निवासी वैद्यभूषण स्वर्गीय पंडित कृपाराम गौराहा ने विक्रम संवत 2019 यानी 1962 ईस्वी में की थी.
इसमें उल्लेख मिलता है कि प्राचीन काल में मदकू द्वीप पर शिव और विष्णु के मंदिर थे. मदकू गांव के निवासी रघुवर सिंह द्वारा धूमनाथ शिव मंदिर की प्रतिष्ठा कराए जाने का भी पुराण परंपरा में वर्णन है.
इन्हीं धार्मिक मान्यताओं और पुरातात्विक प्रमाणों के कारण मदकू द्वीप को लंबे समय से एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल के रूप में देखा जाता रहा है.

शिवनाथ की दो धाराओं के बीच बसा है द्वीप
मदकू द्वीप छत्तीसगढ़ की दूसरी सबसे बड़ी नदी शिवनाथ से घिरा हुआ है. यह रायपुर-बिलासपुर राजमार्ग पर स्थित बैतलपुर से करीब चार किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है.
राजधानी रायपुर से इसकी दूरी लगभग 76 किलोमीटर और बिलासपुर से करीब 37 किलोमीटर है. यह सड़क मार्ग से परसवानी, कोटमी और कड़ार होते हुए निपनिया तथा भाटापारा से भी जुड़ा है. निपनिया और भाटापारा यहां से क्रमश: करीब 9 और 12 किलोमीटर की दूरी पर हैं. दोनों स्थान दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे मार्ग से जुड़े हुए हैं.
द्वीप के पश्चिम में शिवनाथ नदी की दूसरी धारा के पार मदकू नाम का गांव स्थित है. माना जाता है कि पहले यह भूखंड इसी गांव का हिस्सा रहा होगा. बाद में शिवनाथ नदी की एक नई धारा बनने से यह मुख्य भूभाग से अलग हो गया और द्वीप का स्वरूप सामने आया.
इसकी उत्तर से दक्षिण तक लंबाई करीब 770 मीटर और पूर्व से पश्चिम तक औसत चौड़ाई लगभग 225 मीटर है. इसका उत्तरी सिरा संकरा है, जबकि दक्षिणी हिस्सा अपेक्षाकृत चौड़ा है. यही बनावट इसे पानी में तैरते हुए मेंढक जैसा स्वरूप देती है.
यह पूरा द्वीप लगभग 24 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है. प्राकृतिक सुंदरता के साथ यहां कई औषधीय वनस्पतियां भी पाई जाती हैं. वन विभाग ने इसे संरक्षित क्षेत्र के रूप में रखा है. यहां बंदर, सियार, नेवला, सांप और बिच्छू जैसे जीव भी पाए जाते हैं.
इस स्थान की एक और खासियत शिवनाथ नदी का प्रवाह है. यहां नदी की धारा दक्षिण से उत्तर की ओर बहती है. आगे चलकर इसकी दो धाराएं फिर से मिलती हैं और इसके बाद नदी उत्तर-पूर्व दिशा की ओर मुड़ जाती है.
प्राचीन भारतीय धार्मिक मान्यताओं में उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बहने वाली नदियों को विशेष पवित्र माना गया है. इसी कारण ऐसी नदियों के किनारे प्राचीन काल से धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र विकसित होते रहे हैं. वाराणसी में गंगा और सिरपुर में महानदी इसके उदाहरण हैं.
मदकू द्वीप में भी यही भौगोलिक विशेषता दिखाई देती है. संभव है कि शिवनाथ नदी की इस बनावट ने प्राचीन समय में यहां धार्मिक केंद्रों के विकास में भूमिका निभाई हो.

तीसरी सदी के शिलालेखों में भी दर्ज है इतिहास
मदकू द्वीप का इतिहास सिर्फ स्थानीय मान्यताओं पर आधारित नहीं है. यहां से प्राप्त प्राचीन शिलालेख भी इसके पुराने इतिहास की जानकारी देते हैं.
1959-60 के इंडियन एपिग्राफी के वार्षिक प्रतिवेदन में मदकू घाट यानी द्वीप से मिले दो प्राचीन शिलालेखों का उल्लेख है. इनका विवरण प्रतिवेदन में क्रमांक बी-173 और बी-245 के तहत दर्ज है.
इनमें से पहला शिलालेख लगभग तीसरी सदी ईस्वी की ब्राह्मी लिपि में है. इसमें ‘अक्षयनिधि’ शब्द का उल्लेख मिलता है. दूसरा शिलालेख शंखलिपि के अक्षरों से युक्त है.
बताया जाता है कि दोनों शिलालेख भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के तत्कालीन दक्षिण-पूर्व मंडल कार्यालय, विशाखापट्टनम में रखे गए थे. हालांकि उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी उपलब्ध नहीं है.
इन शिलालेखों का महत्व इसलिए भी है क्योंकि वे इस क्षेत्र में प्राचीन काल में लेखन परंपरा और मानवीय गतिविधियों के प्रमाण देते हैं. पाषाण उपकरणों, शिलालेखों और बाद के मंदिरों के अवशेषों को एक साथ देखने पर मदकू द्वीप का इतिहास कई सदियों में फैला दिखाई देता है.
हालांकि तीसरी सदी के शिलालेखों और 10वीं सदी के मंदिरों के बीच का कालखंड अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. इस अवधि के बारे में जानकारी जुटाने के लिए आसपास के प्राचीन बसाहट वाले क्षेत्रों में आगे पुरातात्विक उत्खनन की जरूरत है.
प्रागैतिहासिक काल से ही यहां आती रही है मानव गतिविधियां
मदकू द्वीप से मिले पाषाण उपकरण इस बात का संकेत देते हैं कि यहां प्राचीन समय से ही मनुष्य की आवाजाही रही है.
द्वीप के सर्वेक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ के पुरातत्वीय सलाहकार अरुण कुमार शर्मा को शिवनाथ नदी की घाटी से प्रस्तर युग के पत्थर के उपकरण मिले थे. इससे पहले भी मदकू द्वीप से लघु पाषाण उपकरण प्राप्त हो चुके थे.
ये उपकरण इस क्षेत्र में आदिमानव की उपस्थिति और उसके गतिविधि क्षेत्र की जानकारी देते हैं. हालांकि इनसे यहां किसी स्थायी बस्ती की पूरी तस्वीर सामने नहीं आती, लेकिन इतना जरूर स्पष्ट होता है कि सुदूर अतीत में भी यह क्षेत्र मानव के लिए परिचित था.
इसके बाद उत्तर वैदिक काल में इस क्षेत्र में आर्यों के आगमन और प्रसार का उल्लेख मिलता है.
द्वीप के आसपास स्थित मदकू, बड़ियाडीह और अकोली जैसे गांवों में भी प्राचीन बसाहट के प्रमाण मौजूद हैं. इन क्षेत्रों में मिले मिट्टी के बर्तनों के टुकड़े और मंदिरों के स्थापत्य अवशेष बताते हैं कि यहां मानव गतिविधियां केवल द्वीप तक सीमित नहीं थीं.
पुरातत्वविदों के लिए यह पूरा क्षेत्र इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां अलग-अलग कालखंडों के प्रमाण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं. इनके व्यवस्थित अध्ययन से इस क्षेत्र में सभ्यता के विकास की लंबी कहानी सामने आ सकती है.
2011 में शुरू हुई खुदाई, सामने आए 19 मंदिर
मदकू द्वीप के पुरातात्विक महत्व को देखते हुए पुरातत्व विभाग ने 24 फरवरी 2011 को यहां उत्खनन कार्य शुरू किया.
खुदाई से पहले भी द्वीप पर मौजूद मंदिरों के आसपास प्राचीन प्रतिमाएं और स्थापत्य खंड दिखाई देते थे. राधा-कृष्ण मंदिर के सामने बने चबूतरे पर पत्थर की कई प्रतिमाएं और मंदिरों के अवशेष रखे हुए थे. इन्हें देखकर पहले ही यह अनुमान लगाया जा चुका था कि यहां कलचुरी काल के मंदिरों का एक बड़ा समूह रहा होगा.
उत्खनन शुरू होने के बाद यह अनुमान जल्द ही सही साबित होने लगा. जमीन की सतह से महज 35 से 40 सेंटीमीटर नीचे प्राचीन मंदिरों के अवशेष मिलने लगे.
खुदाई के दौरान मंदिरों के स्थापत्य खंड, अलग-अलग तरह की नक्काशी वाले पत्थर के पट्ट, स्तंभ, गणपति की आकृति वाले ललाट-बिंब, आमलक और बीजपूरक जैसे अवशेष सामने आए.
धीरे-धीरे यह स्पष्ट हो गया कि यहां कभी एक व्यवस्थित मंदिर समूह मौजूद था.
उत्खनन में बलुआ पत्थर से बने 19 प्राचीन मंदिरों के भग्नावशेष मिले. हालांकि इन मंदिरों के मूल नाम क्या थे, इसकी जानकारी देने वाला कोई अभिलेख नहीं मिला.
उत्खनन में सामने आए मंदिरों में छह शिव मंदिर, 11 स्मार्तलिंग मंदिर और एक-एक मंदिर उमा-महेश्वर तथा गरुड़ारूढ़ लक्ष्मी-नारायण को समर्पित था.
इस तरह यहां शैव और वैष्णव परंपराओं के साथ स्मार्त पूजा पद्धति के भी प्रमाण मिले.
द्वीप पर धूमेश्वर महादेव नाम से मौजूद एक छोटी मढ़िया में भी प्राचीन योनिपीठ स्थापित है. इसके आधार पर भविष्य में होने वाली खुदाई में यहां और शिव मंदिरों के अवशेष मिलने की संभावना जताई गई है.

बाढ़ में ढह गए थे मंदिर, नदी की दिशा में बिखरे मिले अवशेष
मदकू द्वीप के मंदिरों के विनाश की कहानी भी उत्खनन से सामने आई.
पुरातात्विक प्रमाणों के आधार पर अनुमान लगाया गया है कि 15वीं सदी के बाद किसी समय शिवनाथ नदी में आई भीषण बाढ़ से मंदिरों का यह समूह नष्ट हो गया था.
उस समय नदी का जलप्रवाह इतना तेज था कि मंदिरों के ऊपरी हिस्से टूटकर बहाव की दिशा में गिर गए. मंदिरों के स्थापत्य खंडों की स्थिति से पता चलता है कि वे दक्षिण से उत्तर की ओर नदी के प्रवाह के समानांतर एक-दूसरे के ऊपर गिरे थे.
उत्खनन में भी ये अवशेष लगभग इसी क्रम में मिले.
इसके बावजूद मंदिरों की कई प्रतिमाएं और स्थापत्य खंड अपेक्षाकृत सुरक्षित अवस्था में मिले. इसके पीछे दो प्रमुख कारण माने गए हैं.
पहला, मंदिर नदी की धारा के समानांतर एक ही सीध में और एक-दूसरे के काफी करीब बने हुए थे. इसलिए जब वे ढहे तो उनके पत्थर सीधे जमीन पर गिरने के बजाय एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए.
दूसरा, मंदिरों के निर्माण में स्थानीय बलुआ पत्थर का इस्तेमाल किया गया था. नदी का तेज बहाव इन भारी पत्थरों को बहुत दूर तक नहीं ले जा सका.
यही वजह है कि बाढ़ में मंदिरों के नष्ट होने के बावजूद उनके कई हिस्से उसी क्षेत्र में सुरक्षित रह गए. बाद में इन्हीं अवशेषों ने उत्खनन के दौरान प्राचीन मंदिरों की संरचना को समझने में मदद की.
आज भी मौजूद हैं प्राचीन मंदिरों की प्रतिमाएं
मदकू द्वीप में आज कई नए मंदिर बने हुए हैं. इनमें सबसे प्रमुख राधा-कृष्ण मंदिर है. यह ऊंचे चबूतरे पर बना है और इसके गर्भगृह में सफेद संगमरमर से बनी राधा-कृष्ण की आधुनिक प्रतिमाएं स्थापित हैं.
इस मंदिर के निर्माण में पुराने मंदिरों के स्थापत्य खंडों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया है. बाद में इन हिस्सों पर पलस्तर कर दिया गया, जिसके कारण प्राचीन स्थापत्य का काफी हिस्सा छिप गया. हालांकि कुछ जगहों पर आज भी इसके प्रमाण दिखाई देते हैं.
मंदिर के उत्तर-पश्चिमी कोने में एक छोटी शिव मढ़िया है. इसके बीच में प्राचीन योनिपीठ स्थापित है और उसके ऊपर बीजपूरक रखकर शिवलिंग के रूप में पूजा की जाती है. इसे धूमेश्वर महादेव कहा जाता है. इसकी तिथि 10वीं से 11वीं सदी ईस्वी मानी गई है.
राधा-कृष्ण मंदिर के ठीक सामने एक ऊंचे चबूतरे पर दो कक्षों वाला मंदिर बना है. इसके निर्माण में भी पुराने मंदिरों के स्थापत्य खंडों का इस्तेमाल किया गया है.
इस देवालय के उत्तर-पश्चिम में एक दूसरी मढ़िया है. इसमें नृत्य गणपति की प्राचीन प्रतिमा स्थापित है. यह प्रतिमा भी 10वीं से 11वीं सदी ईस्वी की मानी जाती है.
नृत्य गणपति की मढ़िया के ठीक सामने जलेश्वर महादेव का मंदिर है. इसके गर्भगृह में स्थापित योनिपीठ और शिवलिंग मूल रूप से प्राचीन हैं. हालांकि बाद में उन पर पलस्तर चढ़ा दिया गया, जिससे वे देखने में आधुनिक लगते हैं.
इस मंदिर का इतिहास भी दिलचस्प है. इसका गर्भगृह वास्तव में प्राचीन मंदिरों के एक युगल समूह का हिस्सा था. बाद में पुराने स्थापत्य खंडों का दोबारा इस्तेमाल करते हुए 1955 में यहां नए मंदिर का निर्माण कराया गया.
मूल रूप से यह गर्भगृह पश्चिम दिशा की ओर खुलता था. लेकिन मंदिर का निर्माण कराने वालों को इसकी पुरानी संरचना की सही जानकारी नहीं थी. इस कारण नया मंदिर पूर्वाभिमुखी बना दिया गया.
इन मंदिरों को देखने से यह भी समझ में आता है कि समय के साथ पुराने धार्मिक स्थलों पर नई संरचनाएं बनती रहीं. कई बार प्राचीन प्रतिमाओं और स्थापत्य खंडों का इस्तेमाल नए मंदिरों के निर्माण में किया गया.
देवी-देवताओं की प्रतिमाओं में दिखती है धार्मिक विविधता
मदकू द्वीप के उत्खनन से मिली प्रतिमाएं यहां के धार्मिक जीवन की महत्वपूर्ण जानकारी देती हैं.
यहां से प्राप्त प्रतिमाएं मुख्य रूप से लाल और पीले रंग के बलुआ पत्थर से बनी हैं. इस तरह का पत्थर आसपास के क्षेत्र में आसानी से उपलब्ध था. मदकू द्वीप के आसपास इसकी खदानें भी मौजूद थीं.
हालांकि यह पत्थर देखने में आकर्षक है, लेकिन इसकी प्रकृति क्षरणशील होती है. मौसम में नमी और तापमान के बदलाव का इस पर असर पड़ता है. लंबे समय तक खुले वातावरण में रहने के कारण यहां की कई प्रतिमाएं क्षरित या खंडित हो गई हैं.
इसके बावजूद ये प्रतिमाएं उस समय की धार्मिक मान्यताओं और सामाजिक जीवन को समझने में मदद करती हैं.
उत्खनन में शैव धर्म से जुड़ी प्रतिमाओं की संख्या सबसे अधिक मिली है. इनमें उमा-महेश्वर, शिवलिंग, नृत्य गणपति, कार्तिकेय, चतुर्भुज भैरव और नंदी की प्रतिमाएं प्रमुख हैं.
वैष्णव परंपरा से जुड़ी प्रतिमाओं में गरुड़ारूढ़ लक्ष्मी-नारायण और बांसुरी बजाते हुए कृष्ण की प्रतिमा उल्लेखनीय है.
शाक्त परंपरा से जुड़ी महिषासुरमर्दिनी और अम्बिका की प्रतिमाएं भी यहां मिली हैं. इन्हें शैव परंपरा के साथ जुड़ी देवी प्रतिमाओं के रूप में देखा गया है.
इसके अलावा दो भारवाहक, तीन हाथियों और दस उपासकों की प्रतिमाएं भी मिली हैं.
नौ मंदिरों के सामने से उपासकों की पत्थर की प्रतिमाएं प्राप्त हुई हैं. इनमें से ज्यादातर खंडित हैं. मंदिरों के पुनर्संयोजन के बाद इन प्रतिमाओं को उनके मिलने वाले स्थान पर ही प्रदर्शित किया गया है.
उपासकों की कुल नौ प्रतिमाएं उत्खनन से मिलीं, जबकि एक प्रतिमा पहले से ही द्वीप पर मौजूद थी.
यहां योद्धाओं की चार प्रतिमाओं के प्रमाण भी मिले हैं. इनमें से एक प्रतिमा खुदाई से पहले मौजूद थी और तीन उत्खनन के दौरान मिलीं. आसपास के क्षेत्र के सर्वेक्षण में अकोली गांव से भी एक प्रतिमा प्राप्त हुई.
इसके अलावा एक सती स्मारक प्रतिमा भी मिली है.
इन प्रतिमाओं से पता चलता है कि मदकू द्वीप का धार्मिक जीवन केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं था. यहां राजपुरुषों, योद्धाओं, उपासकों और सामाजिक परंपराओं से जुड़ी स्मृतियों को भी मंदिरों के माध्यम से दर्ज किया जाता था.

मिट्टी के बर्तन बताते हैं उस समय के रहन-सहन की कहानी
मदकू द्वीप की खुदाई में मंदिरों और प्रतिमाओं के अलावा मिट्टी के बर्तनों के अवशेष भी मिले हैं.
हालांकि इनकी संख्या बहुत अधिक नहीं है. इसका एक कारण यह है कि जिस हिस्से में उत्खनन किया गया, वह मुख्य रूप से धार्मिक वास्तु से जुड़ा हुआ था. किसी प्राचीन बस्ती या नागरिक क्षेत्र में रोजमर्रा के जीवन से जुड़ी वस्तुएं अधिक संख्या में मिलने की संभावना रहती है.
इसके बावजूद यहां से मिले मिट्टी के बर्तन उस समय के रहन-सहन और उपयोग की वस्तुओं के बारे में जानकारी देते हैं.
उत्खनन के लगभग सभी सांस्कृतिक स्तरों और कालखंडों से मिट्टी के बर्तनों के नमूने मिले हैं. इससे इस स्थान पर मानवीय गतिविधियों की निरंतरता का संकेत मिलता है.
यहां बच्चों के खेलने और मनोरंजन के लिए हाथ से बनाया गया एक छोटा प्याला भी मिला है. यह चौथे स्तर यानी परवर्ती कलचुरी काल से प्राप्त हुआ. इसके अलावा लगभग सभी दूसरे बर्तन चाक पर बनाए गए थे.
चाक से बने बर्तनों की परंपरा पांचवें स्तर यानी कलचुरी काल से शुरू होकर वर्तमान सतह तक मिलती है. इनके सबसे अच्छे नमूने पांचवें और चौथे स्तर से प्राप्त हुए हैं.
मिट्टी के बर्तनों को मुख्य रूप से तीन श्रेणियों में बांटा गया है. लाल, काले और धूसर रंग के बर्तन.
इनमें ज्यादातर बर्तन अच्छी तरह तैयार और पकाए गए थे. कुछ बर्तनों में लाल बलुआ पत्थर का चूर्ण और रेत के कण भी मिले हैं. इससे उनकी सतह खुरदरी हो गई थी.
अच्छी तरह तैयार मिट्टी से बने कुछ बर्तनों को बजाने पर धातु जैसी आवाज निकलती है. यह उस समय मिट्टी के बर्तन बनाने की तकनीक और कारीगरी का संकेत है.
यहां से पूरे बर्तन बहुत कम मिले हैं. जो पूरे बर्तन मिले, उनके तल बिना आधार वाले थे. बड़े भंडारण पात्रों के केवल ऊपरी हिस्से यानी बारी मिली हैं. इससे अनुमान लगाया गया है कि यहां आधार वाले बर्तनों का इस्तेमाल कम होता था या वे उत्खनित क्षेत्र में नहीं मिले.
अलग-अलग स्तरों पर मिले बर्तनों की संख्या और उनके रंग में भी अंतर है.
दूसरे स्तर से केवल काले रंग के बर्तन का एक नमूना मिला. चौथे स्तर से लाल, काले और धूसर रंग के बर्तनों के नमूने 2:1:2 के अनुपात में मिले. पांचवें स्तर में काले रंग के बर्तन नहीं मिले. वहां लाल और धूसर रंग के बर्तनों का अनुपात 5:1 था. इससे पता चलता है कि कलचुरी काल में लाल रंग के बर्तनों का इस्तेमाल अधिक होता था.
इन बर्तनों पर चित्रित सजावट नहीं मिली. हालांकि इन्हें सुंदर बनाने के लिए बाहरी सतह पर ज्यामितीय और दूसरी आकृतियों की रेखाएं बनाई जाती थीं. नाखूनों से भी अलग-अलग तरह के निशान उकेरे जाते थे. लाल रंग के कुछ बर्तनों पर गेरू लगाने के प्रमाण भी मिले हैं.
कलचुरी काल के बर्तन सामान्य रूप से अच्छी तरह पकाए गए और मजबूत थे. इनमें रसोई में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की संख्या अधिक है. यह इस बात का संकेत है कि मंदिरों के आसपास आबादी भी रही होगी.
पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाले छोटे जलपात्र यानी लोटे भी मिले हैं. लेकिन टोंटी वाले जलपान पात्र का कोई नमूना नहीं मिला.
इसके अलावा पकी मिट्टी से बने पांच दीपक भी मिले हैं. इनमें चार साधारण तल वाले और बिना नाली के थे. एक दीपक का तल बिना आधार का था और उसमें नाली बनी हुई थी. पांच में से केवल एक दीपक पूरा मिला, बाकी टूटे हुए थे.
इनमें एक दीपक काले रंग का और चिकना था, जबकि बाकी चार लाल रंग के और खुरदरे थे. सभी दीपकों का तल गोलाकार था और इन्हें चाक पर बनाया गया था. दो दीपकों में बत्ती जलने से बने कालिख के निशान भी मिले हैं. इससे इनके वास्तविक उपयोग की पुष्टि होती है.
लोहे, तांबे और कांसे की वस्तुओं से पता चलता है आर्थिक जीवन
मदकू द्वीप के उत्खनन में पत्थर की प्रतिमाओं और मिट्टी के बर्तनों के साथ धातु से बनी कई वस्तुएं भी मिली हैं.
इनकी संख्या भले ही कम है, लेकिन ये तत्कालीन समाज के आर्थिक और सामाजिक जीवन को समझने में मदद करती हैं.
यहां से लोहे, कांसे, कांच, तांबे, पकी मिट्टी और हड्डी से बनी वस्तुएं प्राप्त हुई हैं. इनमें सबसे अधिक संख्या लोहे की वस्तुओं की है.
लोहे से बने ज्यादातर अवशेष खंडित हैं और उन पर जंग लगा हुआ है. इनमें हथियार, बर्तन, आभूषण और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली दूसरी वस्तुएं शामिल हैं.
लोहे से बने बाणाग्र यानी तीरों के नुकीले हिस्से भी मिले हैं. इसके अलावा दो छोटी कटोरियां प्राप्त हुई हैं, जिनमें से एक आंशिक रूप से टूटी हुई है.
आभूषणों में लोहे की चूड़ियां मिली हैं. इनके अलावा चाबी, छल्ले, कीलें और गिट्टक अथवा मेख जैसी वस्तुएं भी प्राप्त हुई हैं.
कांसे की वस्तुओं में कड़ा या कंगन और एक छोटे पात्र का ढक्कन शामिल है.
कांच से बनी चूड़ियां और मनके भी मिले हैं. पकी मिट्टी से बने बर्तनों के अलावा एक गोलाकार मनका और दो हुक्कों यानी चिलम के अवशेष प्राप्त हुए हैं.
तांबे की वस्तुओं में सिक्कों की संख्या अधिक है. यहां से करीब एक दर्जन सिक्के मिले हैं. इनमें से आठ शुद्ध तांबे के हैं, जबकि बाकी निकिल, एल्युमिनियम अथवा मिश्रधातु से बने हैं. तांबे की एक नथनी भी मिली है.
हड्डी से बनी वस्तुओं में कौड़ी का एकमात्र उदाहरण प्राप्त हुआ है. इसका निचला हिस्सा टूटा हुआ है.
इन सभी वस्तुओं का अध्ययन बताता है कि कलचुरी काल में धातु उद्योग और आभूषण बनाने की परंपरा विकसित थी. उस समय लोहे के अलावा कांसे और तांबे का इस्तेमाल भी आभूषण तैयार करने में किया जाता था.
मूर्तिकला के उदाहरणों और अभिलेखों के अध्ययन से यह भी पता चलता है कि सोने, चांदी और बहुमूल्य पत्थरों का इस्तेमाल आभूषण बनाने में होता था. सोना, चांदी और तांबा सिक्के बनाने के लिए भी उपयोग में लाए जाते थे.
मदकू द्वीप से मिली इन पुरावस्तुओं का अध्ययन कलचुरी शासक प्रतापमल्ल के राज्यारोहण की तिथि निर्धारित करने में भी सहायक माना गया है. इसके साथ ही इनसे कलचुरी और परवर्ती कलचुरी काल के सामाजिक तथा आर्थिक इतिहास की जानकारी मिलती है.
मंदिरों के निर्माण में दिखता है व्यवस्थित नियोजन
मदकू द्वीप में मिले मंदिरों के अवशेष सिर्फ धार्मिक गतिविधियों की जानकारी नहीं देते, बल्कि उस समय की स्थापत्य कला और निर्माण तकनीक को भी सामने लाते हैं.
उत्खनन स्थल पर ईंट के छोटे टुकड़ों, बजरी, मिट्टी और चूने का इस्तेमाल करके फर्श बनाए जाने के प्रमाण मिले हैं. इससे अनुमान लगाया गया है कि कलचुरी काल में यहां का नागरिक जीवन सुव्यवस्थित था.
मंदिरों के समूहों की बनावट में भी योजनाबद्ध निर्माण दिखाई देता है.
दूसरे और तीसरे समूह के मंदिर एक ही पंक्ति में बने हुए थे. इनमें मंदिर क्रमांक 1 से 18 तक शामिल हैं. हालांकि इनका निर्माण अलग-अलग समय में हुआ, लेकिन इनके निर्माण में एक व्यवस्थित योजना दिखाई देती है.
मंदिर क्रमांक 6 से 11 तक के गर्भगृह उत्तर और दक्षिण दिशा में स्थित दूसरे मंदिरों के गर्भगृह से आकार में बड़े हैं. इससे अनुमान लगाया गया है कि इन मंदिरों की ऊंचाई भी बाकी मंदिरों से अधिक रही होगी.
संभव है कि मंदिरों के शिखरों की ऊंचाई पहले बढ़ती हुई और फिर घटती हुई रही हो.
मदकू द्वीप के मंदिरों में नागर शैली की स्थापत्य विशेषताएं दिखाई देती हैं. इनके शिखर शंकु के आकार के थे. ऐसे शिखरों का घेरा ऊपर की ओर जाते हुए धीरे-धीरे कम होता जाता है.
बलौदाबाजार जिले के डमरू स्थित शिव मंदिर के शिखर भी इसी तरह के हैं.
मदकू द्वीप से प्राप्त मंदिर स्थापत्य और मूर्तिकला के प्रमाण लगभग 500 वर्षों के इतिहास को सामने लाते हैं. इनका समय 10वीं सदी से लेकर 15वीं सदी ईस्वी तक माना गया है.
छत्तीसगढ़ में कलचुरी राजवंश का प्रभाव 10वीं सदी से 18वीं सदी के बीच लगभग 750 वर्षों तक रहा. इस दौरान कला, स्थापत्य और संस्कृति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण विकास हुआ.
इस काल के इतिहास की जानकारी मुख्य रूप से शासकों के शिलालेखों, ताम्रपत्रों, सिक्कों और मंदिरों जैसे स्मारकों से मिलती है. मदकू द्वीप का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि यहां एक ही सांस्कृतिक चरण से जुड़े मंदिरों का उत्खनन हुआ है.
इससे पहले छत्तीसगढ़ में कलचुरी काल के एकल सांस्कृतिक चरण से जुड़े किसी पुरास्थल का इस तरह उत्खनन नहीं हो सका था.

शैव और वैष्णव परंपराओं के बीच धार्मिक समन्वय के प्रमाण
मदकू द्वीप में शिव और विष्णु से जुड़े मंदिरों की मौजूदगी यहां के धार्मिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पक्ष है.
‘धूमनाथ माहात्म्य’ में इस द्वीप पर संपत्ति से युक्त दो मंदिरों का उल्लेख मिलता है. इनमें शिव और विष्णु की प्रतिमाएं स्थापित थीं. समय के साथ ये मंदिर गिर गए और इसी वजह से यह क्षेत्र हरिहर क्षेत्र के रूप में प्रसिद्ध हुआ.
हालांकि उत्खनन में हरिहर की कोई स्वतंत्र प्रतिमा नहीं मिली है. लेकिन एक ही सामान्य जगती पर बने शिव और विष्णु के मंदिरों तथा उनके गर्भगृह से संबंधित प्रतिमाओं की प्राप्ति इस बात को बल देती है कि यहां शैव और वैष्णव परंपराओं के अनुयायी साथ-साथ धार्मिक गतिविधियों में शामिल थे.
यहां स्मार्तलिंग मंदिरों की संख्या अधिक मिलना भी एक महत्वपूर्ण संकेत है.
स्मार्त पूजा अथवा पंचोपासना पद्धति में अलग-अलग देवताओं की उपासना की जाती है. इस परंपरा में समन्वयवादी दृष्टिकोण को महत्व दिया जाता है. इसी विचारधारा से पंचोपासना, पंचदेवोपासना, पंचायतन पूजा और स्मार्त पूजा जैसी परंपराओं का विकास हुआ.
इस दृष्टि से मदकू द्वीप में मिले मंदिरों के अवशेष उस समय धार्मिक सहिष्णुता और विभिन्न संप्रदायों के बीच सामंजस्य की संभावना को सामने रखते हैं.
यहां शिव, विष्णु, गणपति और देवी से जुड़ी प्रतिमाओं की मौजूदगी बताती है कि धार्मिक आस्था के कई रूप एक ही स्थान पर विकसित हुए थे.
मंदिरों में राजपुरुषों और रानियों की प्रतिमाएं, सती प्रथा के भी संकेत
मदकू द्वीप से मिली उपासकों की प्रतिमाएं तत्कालीन सामाजिक व्यवस्था के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी देती हैं.
कलचुरी काल में शासक और उनके अधीनस्थ सामंत अपने तथा अपने पूर्वजों के धर्म, पुण्य और लोककल्याण के लिए मंदिर, कुएं, बगीचे और तालाब बनवाते थे. इस दौरान मंदिरों में निर्माण कराने वाले शासकों की उपासक के रूप में प्रतिमाएं स्थापित करने की परंपरा भी विकसित हुई.
मदकू द्वीप के मंदिर समूहों में भी इस परंपरा के प्रमाण मिलते हैं.
इन प्रतिमाओं की वेशभूषा और आभूषणों के अध्ययन से पता चलता है कि सभी उपासक प्रतिमाएं राजपरिवार के लोगों की नहीं थीं. इनमें कुछ प्रतिमाएं सामंत शासकों और उनके अधीनस्थ अधिकारियों की भी हो सकती हैं.
कलचुरी शासन व्यवस्था में राज्य को प्रशासनिक रूप से 36 गढ़ों में बांटा गया था. इनमें 18 गढ़ शिवनाथ नदी के उत्तर में और 18 दक्षिण में स्थित थे.
राजपरिवार के योग्य सदस्यों या विश्वासपात्र अधिकारियों को इन गढ़ों का सामंत नियुक्त किया जाता था.
इन 36 गढ़ों में मारो भी एक गढ़ था. यह मदकू द्वीप से लगभग 13 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. इस आधार पर संभावना जताई गई है कि कलचुरी काल में मदकू द्वीप मारो गढ़ के प्रशासनिक क्षेत्र का हिस्सा रहा होगा.
उत्खनन में दो ऐसे प्रमाण भी मिले हैं, जिनसे उस समय इस क्षेत्र में सती प्रथा के प्रचलित होने के संकेत मिलते हैं.
उपासक राजपुरुषों की प्रतिमाओं के साथ उनकी रानियों को भी दर्शाया गया है. इसे उस समय महिलाओं की सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भागीदारी के संकेत के रूप में देखा गया है.
इन प्रतिमाओं से पता चलता है कि महिलाएं धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती थीं. हालांकि सती प्रथा से जुड़े प्रमाणों को लेकर व्यापक निष्कर्ष निकालने के लिए और शोध की जरूरत है.
शिवनाथ नदी व्यापारिक रास्ता भी रही होगी
मदकू द्वीप के इतिहास को समझने के लिए शिवनाथ नदी की भूमिका भी महत्वपूर्ण है.
पुरातात्विक अध्ययनों के आधार पर संभावना जताई गई है कि प्राचीन काल में शिवनाथ नदी भी व्यापारिक गतिविधियों और आवागमन का एक प्रमुख रास्ता रही होगी.
महानदी के किनारे स्थित सिरपुर के उत्खनन में नदी के माध्यम से होने वाले व्यापार के प्रमाण मिले हैं. शिवनाथ महानदी की प्रमुख सहायक नदी है. इसलिए माना जाता है कि प्राचीन समय में व्यापार और वाणिज्य की गतिविधियों में इसकी भी भूमिका रही होगी.
जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण के पास शिवनाथ और महानदी का संगम होता है.
इन नदियों के किनारे बसे गांवों में निषाद समुदाय की बहुलता भी इस संभावना को बल देती है. निषाद परंपरागत रूप से कुशल नाविक और मल्लाह माने जाते रहे हैं.
हालांकि मदकू द्वीप के उत्खनन से व्यापारिक गतिविधियों का कोई निर्णायक प्रमाण सामने नहीं आया है, लेकिन इसकी भौगोलिक स्थिति और आसपास के नदी मार्गों को देखते हुए इस विषय पर आगे अध्ययन की गुंजाइश बनी हुई है.
आसपास के गांवों में भी छिपे हैं प्राचीन सभ्यता के प्रमाण
मदकू द्वीप का इतिहास समझने के लिए इसके आसपास के क्षेत्रों का अध्ययन भी जरूरी है.
द्वीप से लगभग 65 किलोमीटर दूर मल्हार स्थित है. यहां के उत्खनन में आद्य ऐतिहासिक काल से मध्यकाल तक के पुरातात्विक प्रमाण मिले हैं.
इसी तरह करीब 13 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में मनियारी नदी के किनारे तालाग्राम स्थित है. यहां शरभपुरीय काल यानी चौथी-पांचवीं सदी ईस्वी के मंदिर स्थापत्य के अवशेष मिले हैं.
मदकू द्वीप से पश्चिम दिशा में लगभग 13 किलोमीटर दूर मारो गढ़ भी है, जो छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक 36 गढ़ों में शामिल था.
द्वीप के पश्चिम और उत्तर-पश्चिम में स्थित मदकू तथा बड़ियाडीह गांवों में पुराने मिट्टी के बर्तनों के टुकड़े मिले हैं. ये प्राचीन बस्तियों के प्रमाण हैं.
वहीं पूर्व और दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित अकोली और परसवानी गांवों में पुराने मंदिरों के स्थापत्य अवशेष मौजूद हैं. इन पर बनी आकृतियां मदकू द्वीप के उत्खनन में मिले मंदिरों के स्थापत्य खंडों से काफी मिलती-जुलती हैं.
बड़ियाडीह में प्राचीन बस्तियों से जुड़े कई टीले अब खेतों में बदल चुके हैं. इन खेतों में आज भी हल चलाने के दौरान कलचुरी काल और उससे पहले के समय के मिट्टी के बर्तनों के टुकड़े मिलते हैं.
इससे संकेत मिलता है कि मदकू द्वीप के आसपास कलचुरी शासन से पहले भी आबादी मौजूद थी.
मदकू और बड़ियाडीह गांव प्राचीन टीलों पर बसे हुए हैं. इन क्षेत्रों में व्यवस्थित उत्खनन किया जाए तो यहां और भी पुराने समय की बस्तियों के प्रमाण सामने आ सकते हैं.
इतिहास की कई कड़ियां अब भी जुड़ने का इंतजार कर रही हैं
मदकू द्वीप में प्रागैतिहासिक काल से लेकर आधुनिक समय तक मानवीय गतिविधियों के प्रमाण मिले हैं. लेकिन इस लंबे इतिहास की कई कड़ियां अभी भी स्पष्ट नहीं हैं.
विशेष रूप से तीसरी सदी ईस्वी के शिलालेखों और 10वीं सदी के मंदिरों के बीच का समय अभी भी इतिहास के लिहाज से अस्पष्ट है.
इस अवधि में यहां किस तरह की बस्तियां थीं, धार्मिक गतिविधियां किस रूप में विकसित हुईं और कलचुरी काल से पहले इस क्षेत्र की सामाजिक तथा आर्थिक व्यवस्था कैसी थी, इन सवालों के जवाब अभी पूरी तरह नहीं मिल पाए हैं.
पुरातत्वविदों का मानना है कि आसपास के प्राचीन बसाहट वाले क्षेत्रों में उत्खनन से इस खाली जगह को भरा जा सकता है.
इसके लिए मदकू, बड़ियाडीह, अकोली और परसवानी जैसे गांवों में व्यवस्थित सर्वेक्षण और खुदाई की जरूरत है. इससे यहां की प्राचीन बस्तियों, मंदिरों और सांस्कृतिक परंपराओं के बीच संबंधों को समझने में मदद मिल सकती है.
मदकू द्वीप के उत्खनन ने छत्तीसगढ़ के मध्यकालीन इतिहास और विशेष रूप से कलचुरी काल की मंदिर स्थापत्य कला तथा मूर्तिकला को समझने के लिए महत्वपूर्ण सामग्री उपलब्ध कराई है. यहां मिले मंदिरों, प्रतिमाओं, मिट्टी के बर्तनों और धातु की वस्तुओं के अध्ययन से उस समय के धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन की तस्वीर सामने आती है.
लेकिन यह तस्वीर अभी पूरी नहीं है.
शिवनाथ नदी की धाराओं के बीच मौजूद इस छोटे से द्वीप की जमीन में इतिहास की और भी कई परतें दबी हो सकती हैं. तीसरी सदी के शिलालेख, प्रागैतिहासिक पाषाण उपकरण और कलचुरी काल के मंदिरों के अवशेष बताते हैं कि यह स्थान किसी एक दौर की कहानी नहीं कहता. यहां सदियों तक अलग-अलग समय में मानव गतिविधियां चलती रहीं.
आज जरूरत इस बात की है कि मदकू द्वीप को केवल धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में न देखा जाए. इसके पुरातात्विक महत्व को समझते हुए यहां मिले अवशेषों का संरक्षण किया जाए और आसपास के क्षेत्रों में भी वैज्ञानिक तरीके से शोध और उत्खनन कराया जाए.
क्योंकि मदकू द्वीप की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. यहां की जमीन में दफन इतिहास की कई कड़ियां अब भी सामने आने का इंतजार कर रही हैं.
यह लेख मदकू द्वीप के उत्खनन निदेशक एवं पुरातत्त्ववेत्ता प्रभात कुमार सिंह द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी और शोध के आधार पर तैयार किया गया है. प्रभात कुमार सिंह छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत संचालनालय, पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय में कार्यरत हैं.
प्रदेश के महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थलों सिरपुर, राजिम और जमराव के उत्खनन कार्यों में उनकी उल्लेखनीय भूमिका रही है. इसके अलावा, दंतेवाड़ा के ढोलकल पहाड़ की चोटी पर स्थित प्राचीन गणेश प्रतिमा के पुनर्संयोजन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
पुरातत्व के क्षेत्र में उनके अनुभव का उपयोग अपराध अनुसंधान में भी किया गया है. रायपुर के चर्चित दोहरे हत्याकांड के आरोपी उदयन दास से जुड़े मामले में उन्होंने जमीन के भीतर दबे हत्या से संबंधित साक्ष्यों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. इस कार्य में उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस को विशेष सहयोग प्रदान किया था.
————————————————————————————————–
यदि आपको हमारी कहानियां पसंद हैं और आप अपना कोई अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहते हैं तो हमें chhattisgarhgatha.com पर लिखें। आप हमें facebook, instagram व twitter पर भी फॉलो कर सकते हैं। किसी भी सकारात्मक व प्रेरणादायी खबर की जानकारी हमारे वाट्सएप नंबर 8827824668 या ईमेल chhattisgarhgatha07@gmail.com पर भी भेज सकते हैं।

