यमराज

छत्तीसगढ़ में मौत के देवता का मंदिर, साल में सिर्फ एक दिन होती है पूजा

आपने देवी-देवताओं के कई मंदिर देखे होंगे, जहां सालभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है. लेकिन क्या आपने कभी ऐसे मंदिर के बारे में सुना है, जहां साल में सिर्फ एक दिन पूजा होती है और बाकी दिनों में लोग मंदिर के भीतर जाने से भी कतराते हैं? यह मंदिर किसी देवी या देवता का नहीं, बल्कि मृत्यु के देवता यमराज का है. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के एक छोटे से गांव में बने इस मंदिर की कहानी जितनी अनोखी है, उतनी ही चौंकाने वाली भी.

यहां हर साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया यानी भाई दूज के दिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं. यम द्वितीया के अवसर पर यमराज और उनकी बहन यमुना की पूजा-अर्चना की जाती है. मंदिर परिसर में मेला लगता है और भोग-भंडारे का आयोजन होता है. श्रद्धालु दर्शन करने के साथ यमलोक की यातनाओं से मुक्ति और अकाल मृत्यु से बचने की मन्नत मांगते हैं.

दिलचस्प बात यह है कि जिस मंदिर में भाई दूज के दिन इतनी भीड़ जुटती है, वहां साल के बाकी 364 दिन सन्नाटा पसरा रहता है. इस दौरान आसपास से गुजरने वाले लोग यमराज को दूर से ही प्रणाम करते हैं और आगे बढ़ जाते हैं. मंदिर में प्रवेश कर पूजा करने से लोग परहेज करते हैं. इसके पीछे धार्मिक मान्यता के साथ मृत्यु को लेकर मन में बैठा भय भी एक वजह है.

मौत के मुंह से लौटे ग्रामीण ने बनवाया मंदिर

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से करीब 102 किलोमीटर दूर महासमुंद जिले के करमापटपर गांव में यह मंदिर स्थित है. बागबाहरा-पिथौरा मार्ग पर जंगल के बीच खल्लारी स्थापना के पास एक सुनसान जगह पर इसे बनाया गया है. मंदिर के आसपास सड़क का एक खतरनाक मोड़ है, जहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. इसी जगह पर यमराज का मंदिर बनाने की कहानी जुड़ी हुई है.

कुछ साल पहले तेंदूकोना निवासी नंदकुमार सोनी की मोटरसाइकिल यहां एक वाहन से टकरा गई थी. हादसा इतना गंभीर था कि कुछ देर के लिए लोगों को लगा कि नंदकुमार की मौत हो गई है. पूरे इलाके में उनके निधन की खबर फैल गई. लेकिन करीब दो महीने बाद नंदकुमार को होश आया. उन्होंने खुद को रायपुर के एक नर्सिंग होम में पाया, जहां उनका लंबे समय तक इलाज चला.

नंदकुमार सोनी
नंदकुमार सोनी

मौत के मुंह से लौटने के बाद नंदकुमार ने इस जगह पर यमराज की मूर्ति स्थापित करने का संकल्प लिया. उनका मानना था कि जिस स्थान पर उनकी जान जाते-जाते बची, वहां मृत्यु के देवता का मंदिर बनना चाहिए. हालांकि, जब उन्होंने इस विचार को लोगों के सामने रखा तो उन्हें आसानी से समर्थन नहीं मिला.

यमराज का मंदिर बनवाने को लेकर पुरोहितों और विद्वानों ने भी शुरुआत में असमर्थता जताई. धार्मिक मान्यताओं के कारण लोग सामान्य तौर पर यमराज का मंदिर बनवाने से बचते हैं. काफी प्रयास के बाद एक पुजारी इस शर्त पर तैयार हुए कि यमराज के साथ उनकी बहन यमुना की मूर्ति भी स्थापित की जाएगी और दोनों की संयुक्त रूप से प्राण प्रतिष्ठा होगी.

इसके बाद नंदकुमार और उनकी पत्नी रूखमणी देवी ने अपने संकल्प को पूरा करने के लिए काम शुरू किया. मंदिर के निर्माण में उन्होंने अपनी मेहनत-मजदूरी से जुटाई गई रकम लगाई. यमराज और यमुना की मूर्तियां बनवाने के लिए राजस्थान के जयपुर में करीब तीन लाख रुपये का ऑर्डर दिया गया.

यमदेव का मंदिर
यमदेव का मंदिर

पांच साल में पूरा हुआ मंदिर निर्माण

मंदिर निर्माण की शुरुआत वर्ष 2012 में हुई थी. इसके लिए जनसहयोग भी लिया गया और नंदकुमार दंपती ने अपनी ओर से भी धन लगाया. करीब पांच साल की मेहनत के बाद अक्टूबर 2017 में मंदिर बनकर तैयार हुआ.

20 और 21 अक्टूबर 2017 को यहां दो दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान और मंत्रोच्चार का आयोजन किया गया. भाई दूज के अवसर पर यमराज और यमुना की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई. इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. इसके बाद से हर साल यम द्वितीया के दिन यहां मेला लगने लगा और मंदिर धीरे-धीरे आसपास के इलाकों में एक विशिष्ट धार्मिक स्थल के रूप में पहचाना जाने लगा.

यमदेव और यमुना बहन
यमदेव और बहन यमुना

यम द्वितीया पर क्यों होती है पूजा?

हिंदू पौराणिक मान्यताओं में यमराज को मृत्यु का देवता और यमुना को उनकी बहन माना गया है. मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर यमराज अपनी बहन यमुना के घर भोजन करने पहुंचे थे. इसी प्रसंग से भाई दूज की परंपरा जुड़ी मानी जाती है. इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं.

धार्मिक मान्यता यह भी है कि यम द्वितीया के दिन यमराज और यमुना की पूजा करने से जाने-अनजाने में किए गए पापों से मुक्ति मिलती है और मृत्यु के बाद यमलोक में मिलने वाली यातनाओं से बचाव होता है. इसी विश्वास के चलते इस दिन यमराज के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है.

भारत में यमराज के मंदिरों की संख्या बहुत कम बताई जाती है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में तीन-तीन तथा हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में एक मंदिर है. महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र का यह मंदिर भी देश के गिने-चुने यमराज मंदिरों में शामिल है.

जिस देवता के नाम से आमतौर पर लोग भय महसूस करते हैं, उसी के दर्शन के लिए साल में एक दिन हजारों लोग इस मंदिर तक पहुंचते हैं. किसी के लिए यह पापों से मुक्ति की आस्था है, तो किसी के लिए अकाल मृत्यु से बचने की प्रार्थना. और इस मंदिर की सबसे अनोखी बात यह है कि इसकी शुरुआत किसी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति के संकल्प से हुई, जिसने मौत को बेहद करीब से देखा और फिर जिंदगी में लौटकर मृत्यु के देवता के लिए मंदिर बनवा दिया.

————————————————————————————————–

यदि आपको हमारी कहानियां पसंद हैं और आप अपना कोई अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहते हैं तो हमें chhattisgarhgatha.com पर लिखें। आप हमें facebook, instagram व twitter पर भी फॉलो कर सकते हैं। किसी भी सकारात्मक व प्रेरणादायी खबर की जानकारी हमारे वाट्सएप नंबर 8827824668 या ईमेल chhattisgarhgatha07@gmail.com पर भी भेज सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *